International Journal of Home Science
2025, VOL. 11 ISSUE 3, PART F
सारण जिले के ग्रामीण महिलाओं की प्रसवोत्तर देखभाल में जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम का योगदान
Author(s): Reetu Kumari and Manju Kumari Sinha
Abstract:
भारत में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (Maternal and Child Health) सार्वजनिक स्वास्थ्य नीतियों का एक प्रमुख क्षेत्र रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में प्रसवोत्तर देखभाल की उपेक्षा मातृ मृत्यु दर (MMR) और शिशु मृत्यु दर (IMR) में वृद्धि का एक महत्वपूर्ण कारण रही है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2005 में जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना, प्रसवोत्तर सेवाओं की निःशुल्क उपलब्धता सुनिश्चित करना और महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ सुलभ कराना था। यह अध्ययन सारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों पर केंद्रित है, जहाँ सामाजिक-आर्थिक असमानताएँ, स्वास्थ्य संसाधनों की सीमाएँ तथा सांस्कृतिक मान्यताएँ प्रसवोत्तर देखभाल को प्रभावित करती हैं। प्राथमिक और द्वितीयक आँकड़ों के आधार पर किए गए इस शोध में 200 ग्रामीण महिलाओं का नमूना शामिल किया गया। प्रश्नावली और साक्षात्कार पद्धति के माध्यम से जानकारी एकत्र की गई, साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों से उपलब्ध अभिलेखीय आँकड़ों का भी उपयोग किया गया। परिणामों से यह स्पष्ट हुआ कि JSSK ने ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रसवोत्तर देखभाल सेवाओं की उपलब्धता और पहुँच को काफी हद तक बढ़ाया है। लगभग 68% महिलाओं ने बताया कि उन्हें प्रसव के पश्चात निःशुल्क औषधि, परिवहन और स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएँ मिलीं। 61% महिलाओं ने माना कि JSSK के अंतर्गत समय पर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त हुआ, जिससे प्रसवोत्तर जटिलताओं की रोकथाम संभव हुई। हालाँकि, अध्ययन से यह भी सामने आया कि अब भी ग्रामीण स्तर पर कार्यक्रम की जानकारी का अभाव (22% महिलाओं ने कार्यक्रम के बारे में अनभिज्ञता जताई) और स्वास्थ्यकर्मियों की अपर्याप्त संख्या कार्यक्रम की प्रभावशीलता को सीमित करती है। अध्ययन इस निष्कर्ष पर पहुँचता है कि सारण जिले में JSSK ग्रामीण महिलाओं के प्रसवोत्तर स्वास्थ्य सुधार में महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहा है, किंतु इसकी संपूर्ण सफलता हेतु सामुदायिक जागरूकता, स्वास्थ्य अवसंरचना और प्रशिक्षित कार्मिकों की उपलब्धता को और मजबूत करना आवश्यक है।
How to cite this article:
Reetu Kumari, Manju Kumari Sinha. सारण जिले के ग्रामीण महिलाओं की प्रसवोत्तर देखभाल में जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम का योगदान. Int J Home Sci 2025;11(3):404-408. DOI:
10.22271/23957476.2025.v11.i3f.2023